बैगामार में करंट की चपेट में आया दंतैल हाथी, हुई दर्दनाक मौत

कोरबा। वनमंडल कोरबा के कुदमुरा रेंज अंतर्गत बैगामार गांव में करंट की चपेट में आने से एक दंतैल हाथी की मौत हो जाने से वन विभाग में हडक़ंप मच गया है। करंट से हाथी के मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। इस सिलसिले में एक ग्रामीण को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जिस स्थान पर हाथी को करंट लगा है वहां ग्रामीण द्वारा फसल की सुरक्षा के लिए झटका मशीन लगाया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हाथी की करंट लगने से मौत की घटना फारेस्ट डिविजन कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के चचिया बिट अंतर्गत बैगामार गांव के सागौन बाड़ी में घटित हुई। बताया जा रहा है कि यहां पर 25 की संख्या में हाथी विगत कुछ दिनों से विचरण कर रहे हैं इनमें एक दंतैल हाथी भी शामिल था। बीती रात यह दंतैल झुंड से अलग होकर जंगल के किनारे स्थित टीकाराम राठिया नामक ग्रामीण के खेत के पास सागौन बाड़ी पहुंच गया और उसके द्वारा फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही दंतैल की तत्काल मौत हो गई। इधर बैगामार गांव में दंतैल हाथी की करंट लगने से मौत की खबर मिलते ही वन विभाग में हडक़ंप मच गया। सीसीएफ वन्य प्राणी मनोज पांडेय, डीएफओ कुमार निशांत, एसडीओ सूर्यकांत सोनी, रेंजर बी.एस. पैकरा समेत अन्य अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। जांच-पड़ताल में हाथी की मौत के लिए प्रारंभिक तौर पर जिम्मेदार मानते हुए ग्रामीण को हिरासत में ले लिया गया है और उससे आगे पूछताछ की जा रही है। वहीं मृत हाथी के कफन-दफन की तैयारी भी विभाग की ओर से गई है। इससे पहले मृत दंतैल के पंचनामे की कार्यवाही व पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके लिए पशु चिकित्सकों को बुलाया गया है जो वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करेंगे और अपनी रिपोर्ट देंगे। इससे पहले भी कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज में करंट लगने से हाथी की मौत हो चुकी है। उस समय हाथी 11केवी तार की चपेट में आ गया था तब बिजली विभाग के लाइनमेन को दोषी मानते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी की थी। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बिजली विभाग को लूज तार को ठीक करने के लिए कई बार सूचित किया गया था लेकिन विभाग ने इसे ठीक नहीं किया और लापरवाही बरती। फलस्वरूप हाथी की उसकी चपेट में आने से मौत हो गई।
गजराज की मौत से फायर हुए रामपुर विधायक
आज गजराज की मौत की खबर मिलते ही रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया घटना स्थल पहुंचे स्थल का जायजा लिया। घटना को वन विभाग और बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए अधिकारियों को लगाई फटकार और जल्द से जल्द कार्यवाई की मांग की तत्पश्चात हिंदू रीति रिवाज के अनुसार गजराज की पूजा अर्चना कर अंतिम संस्कार किया और वनमंडल अधिकारी को दोषियों पर सख्त कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।

RO No. 13467/11