
जांजगीर। ग्राम पंचायत कुटरा के किसानों को इन दिनों अपने खेतों तक पहुंचने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि उनके खेत निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के बगल में स्थित हैं और कॉलेज निर्माण के कारण उनका आम आवागमन मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। किसानों के अनुसार यह रास्ता उनके खेतों और गांव के अन्य हिस्सों तक जाने का एकमात्र मार्ग था। रास्ता अवरुद्ध होने से वे समय पर खेत नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे खेती-बाड़ी के काम प्रभावित हो रहे हैं और आर्थिक नुकसान हो रहा है। वृहस्पति बाई ने अधिकारियों को पत्र लिखकर मांग की है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के परिसर के बगल से किसानों के लिए मार्ग निकाला जाए, ताकि आवागमन सुचारू रूप से हो सके। किसानों का कहना है कि कॉलेज निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों के सुविधा मार्ग को बंद कर देना बड़ी समस्या है। फसल कटाई और खेत प्रबंधन के समय यह रास्ता अत्यंत आवश्यक होता है। किसानों ने प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग खोलने की अपील की है, ताकि निर्माण कार्य भी प्रभावित न हो और ग्रामीणों को भी राहत मिल सके। वृहस्पति बाई ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जल्द कदम उठाया जाए।





















