शर्मनाक! प्रॉपर्टी के लिए घिनौना काम… हरियाणा में बेटे ने जिंदा पिता का करवा दिया क्रियाकर्म

यमुनानगर[एजेंसी]।प्रॉपर्टी के लालच में एक बेटे ने जिंदा पिता का क्रियाकर्म कर दिया। हरिद्वार में पिंडदान भी कर दिया। यहां तक कि हरिद्वार में पंडों के पास भी उसका नाम रजिस्टर में लिखवा दिया। अब मामला सामने आने के बाद पिता ने एसपी कमलदीप गोयल को शिकायत दी है। आरोप लगाया कि बेटे के साथ कुछ और लोग मिले हैं। वह प्रॉपर्टी हड़पना चाहते हैं, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। आरोपित बेटे का कहना है कि उसका पिता बाहर रहता है। वह नशे का आदी है। इंटरनेट पर महिला के साथ फोटो डाल रहा है। उसे अपनी पत्नी बता रहा है। इससे समाज में बदनामी हो रही है। एसपी को दी शिकायत में भगवानपुर के मामचंद ने बताया कि पत्नी का दो वर्ष पहले निधन हो गया था। दो बेटे महेश, भारत भूषण व बेटी की शादी हो चुकी है। दोनों बेटों को अलग-अलग मकान बनाकर दिया है। बेटे महेश का चाल चलन ठीक नहीं था। वह लगातार परेशान करने लगा। वह झगड़ा करता है, इसके चलते उसे बेदखल कर दिया था। फिर वह परेशान करता था। उनसे परेशान होकर उत्तराखंड के विकासनगर में चला गया। वहां राज मिस्त्री के पास कार्य करने लगा। बीच-बीच में छोटे बेटे के पास आ जाता था।
अब पता लगा कि महेश ने मेरी मौत होने की सूचना फैला दी। गांव में क्रियाकर्म किया। लोगों को भी बुलाया। महेश का कहना है कि पिता शराब के आदी हैं। प्रॉपर्टी का मुद्दा नहीं है। मां के साथ पिता झगड़ा करते थे। महिलाओं के साथ संबंध हैं। वह अब भी इंटरनेट पर रील्स लगाते हैं। महिलाओं के साथ फोटो अपलोड करते हैं। कभी कहते हैं कि वह शादी कर रहे हैं। जिसके चलते यह निर्णय लेना पड़ा। हरिद्वार में पिंडदान की बात झूठी है। इतना जरूर है कि पिता को मृत मान लिया है।

RO No. 13467/10