
भुवनेश्वर 7 मार्च। ओडिशा सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने शनिवार को केंद्रपाड़ा सिंचाई प्रभाग के अंतर्गत डेराबिश सिंचाई उपमंडल के सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) प्रमोद राय से जुड़े सात ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इन पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है। कटक स्थित विशेष सतर्कता न्यायाधीश द्वारा जारी वारंट के आधार पर ये सतर्कता विभाग तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 9 पुलिस उप अधीक्षकों (डीएसपी), 9 इंस्पेक्टर, चार सब इंस्पेक्टर और अन्य सहायक कर्मचारियों वाली ओडिशा सतर्कता विभाग की टीम केंद्रपाड़ा, कटक, ढेंकनाल, भद्रक और भुवनेश्वर जिलों में एक साथ छापेमारी कर रही है। विजिलेंस की टीम प्रमोद राय के भुवनेश्वर के बलिआंता जिले के जोहाला में एक चार मंजिला इमारत, कटक जिले के चौद्वार जिले के जाजाभैरब में एक दो मंजिला इमारत और कटक के बांकी क्षेत्र के रागाड़ी में उनके पैतृक घर पर छापेमारी कर रही है। इसके अलावा भद्रक जिले के बुडांगा में इंजीनियर के रिश्तेदार का घर, केंद्रपाड़ा जिले के डेराबिश सिंचाई कार्यालय में उनका कार्यालय कक्ष-सह-अस्थायी निवास, ढेंकनाल जिले के सनासाथीबातिया में रिश्तेदार का घर और भुवनेश्वर के पटिया में एक रिश्तेदार का घर पर टीम छापेमारी कर रही है। सतर्कता अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान फिलहाल जारी है और आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।



















