
कोरिया बैकुंठपुर। धान खरीदी केंद्र रजौली में किसानों के साथ हो रही गंभीर अनियमितताओं को लेकर सोमवार को जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र प्रबंधक पर खुलेआम नियमों की अनदेखी करने और किसानों का शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए। सुरेश सिंह ने कहा कि शासन द्वारा धान खरीदी के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, इसके बावजूद धान खरीदी केंद्र में मनमानी ढंग से खरीदी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि किसानों से जबरन धान की छल्ली चढ़वाई जा रही है, जबकि शासन के निर्देशों के अनुसार ऐसा करना नियम विरुद्ध है। इसके साथ ही प्रति बोरी 40 किलो आठ सौ ग्राम की जगह पूरा पूरा 41 किलो धान की तौल कराई जा रही है, जिससे सीधे-सीधे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस बात को लेकर किसानों में भी भारी नाराजगी देखी गई। जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने मौके से ही सोनहत एसडीएम को पूरे मामले की जानकारी दी और कहा कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दोषी प्रबंधक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, खरीदी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसी गड़बडिय़ों पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की। सुरेश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा के लिए कड़ी निगरानी के आदेश दे चुका है, इसके बावजूद यदि खरीदी केंद्र के प्रबंधक अपनी मनमानी चला रहे हैं तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के अधिकारों से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो किसान हित में आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। मामले की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई है। सूत्रों के अनुसार, धान खरीदी केंद्र रजौली में हुई शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। किसानों को अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।



















