स्टेडियम से सीएसईबी चौक तक सडक़ पर डिवाइडर

जाम की समस्या को हल करने की कोशिश
कोरबा। काफी समय से मौजूद समस्या को देखते हुए अब स्टेडियम से लेकर सीएसईबी चौराहा वाले मुख्य मार्ग पर रोड डिवाइडर की व्यवस्था कराई जा रही है। इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही आसपास में सडक़ को घेर कर रखे गए कबाड़ नुमा वाहनों और अन्य अवरोधक को हटाने की कार्रवाई की गई।
लगातार शिकायतें मिल रही थी कि इस इलाके में मुख्य सडक़ के काफी हिस्से को दबा लिया गया है और यहां पर ब्रेकडाउन गाडिय़ों के अलावा कई तरह से अतिक्रमण कर लिया गया है। ऐसी स्थिति में सामान्य आवागमन को लेकर दिक्कतें पैदा हो रही है। कई बार ऐसे मामलों में ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की ओर से कार्रवाई भी की गई लेकिन इसके बावजूद हालात जस के तस रहे । इसलिए समस्या के स्थाई समाधान के लिए इस रास्ते पर रोड डिवाइडर की व्यवस्था करने की योजना बनाई गई और इस पर काम शुरू कर दिया गया। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, ट्रांसपोर्ट नगर जोन कमिश्नर, ट्रैफिक पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर मनोज राठौर सहित अन्य ने शुरुआती दिवस को इस काम का जायजा लिया।
बताया गया कि रोड डिवाइडर के निर्माण पर नगर पालिका निगम के द्वारा लगभग डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं । सीमित अवधि में इस काम को पूरा किया जाना है। कहां जा रहा है कि इस मार्ग पर रोड डिवाइडर बन जाने से वाहनों को आने-जाने में अलग-अलग विकल्प मिलेंगे और पहले की तरह अनावश्यक परेशानियां पेश नहीं आएगी। वाहनों के सुचारू संचालन से इस रास्ते पर पहले जैसी तस्वीर भी पेश नहीं आएगी जैसा कि यहां पर ब्रेकडाउन वाली गाडिय़ों को लगाने के साथ और दूसरी अनुपयोगी चीज लॉजिस्टिक कंपनियों के संचालकों के द्वारा रख दी जाती थी। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की ओर से कहा गया है कि अगर ऐसी कोई हरकत होती है तो उसे पर त्वरित कार्रवाई भी होगी।
वाहनों पर कार्रवाई के लिए अभियान
इधर कोरबा शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था से जुड़ी शिकायत करने के लिए अभियान शुरू किया गया है। 2 दिन में ट्रांसपोर्ट नगर, राताखार बायपास और सीएसईबी रोड पर अभियान चलाते हुए दुपहिया चार पहिया और भारी वाहनों पर एक्शन लिया गया, जिन्हें अवैध रूप से नो पार्किंग जोन में खड़ा कर दिया गया था। ऐसी गाडिय़ों को लॉक करने के साथ पेनाल्टी की गई।

RO No. 13467/11