
लोगों को अरसे बाद मिलेगी बड़ी राहत
कोरबा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 स्थित न्यू अमरैया पारा में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए खान घर से साहू घर तक नाली एवं सडक़ निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। इस निर्माण कार्य पर लगभग 4 लाख रुपये की लागत आएगी।
पार्षद प्रतिनिधि टीकम राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से इस क्षेत्र के रहवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नाली के अभाव में घरों से निकलने वाला गंदा पानी तथा बरसात का पानी सीधे सडक़ पर बहता था, जिससे कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती थी। खासकर बारिश के दिनों में राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतें होती थीं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थल निरीक्षण एवं आवश्यक अध्ययन के बाद प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम को भेजा गया था। निगम प्रशासन द्वारा प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने के बाद अब निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। राठौर ने कहा कि नाली और सडक़ निर्माण पूर्ण होने के बाद जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी, स्वच्छता में सुधार होगा और आवागमन सुगम बनेगा। इससे क्षेत्र की सूरत और व्यवस्था दोनों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। स्थानीय नागरिकों ने भी निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष जताते हुए जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।



















