नशे में सुध-बुध खोए पति ने छीन ली पत्नी की जिंदगी, इलाके में शोक

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेलवाडीह गायत्री मोहल्ले में रविवार की रात पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत पति ने अपनी ही पत्नी पर धारदार गेंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल पत्नी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
मृतका की पहचान रंजना यादव निवासी ढेलवाडीह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रंजना अपने पति तुलसी यादव से विवाद के चलते कुछ समय से मायके ढेलवाडीह में रह रही थी। सोमवार की रात करीब 9 बजे आरोपी पति तुलसी यादव शराब के नशे में मायके पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। बताया जा रहा है कि दंपती के बीच संतान न होने को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने गुस्से में आकर धारदार गेंती से पत्नी के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। हमले में रंजना गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और मोहल्ले के लोगों ने तत्काल घायल महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति तुलसी यादव की तलाश शुरू कर दी है। घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

RO No. 13467/10