
गाजियाबाद। महाशिवरात्रि के अवसर पर सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रात्रि 12 बजे मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरि महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक किया। अभिषेक और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। कतारों में खड़े कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर चार कतारों की व्यवस्था की।
करीब 250 से अधिक स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने में जुटे रहे। मंदिर के पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। निशीथ काल में किया गया पूजन अत्यंत फलदायी होती है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर निगरानी रखी गई। जिला प्रशासन, नगर निगम और विद्युत निगम ने भी स्वच्छता, गंगाजल व प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कीं, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।































