पीटीआर की माला रेंज में हाथियों का उत्पात, ग्रामीणों ने रात भर जागकर बुलेट से खदेड़ा जंगली दल

पीलभीत, 1२ जनवरी ।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की माला रेंज के अंतर्गत थाना गजरौला क्षेत्र के गांव महुआ सिरसा सरदाह के पास नेपाली हाथियों ने एक बार फिर उत्पात मचाया। नेपाल से आए हाथियों के अचानक गांव के नजदीक पहुंच जाने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों ने किसानों की फसलों को नुकसान कर दिया, बाकी लोगों की भी नुकसान की आशंका बनी रही। लगातार बढ़ते हाथियों के आतंक से आक्रोशित ग्रामीण व युवक रात भर जागते रहे। हाथियों को आबादी और खेतों से दूर खदेडऩे के लिए युवकों ने बाइक और बुलेट गाडिय़ों से शोर मचाया। साथ ही पटाखे छोडक़र उन्हें जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद हाथियों को गांव से दूर किया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि टाइगर रिजर्व माला रेंज से सटे इलाकों में इन दिनों जंगली हाथियों का तांडव लगातार जारी है। इससे किसान और ग्रामीण भय के साए में जीने को मजबूर हैं। वन विभाग की गश्त और ठोस व्यवस्था न होने से लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। हाथियों की आए दिन की आवाजाही और फसलों के नुकसान की वजह से अब किसानों में वन विभाग के प्रति आक्रोश बढऩे लगा है।

RO No. 13467/11