
कोरबा। जिले के पसान रेंज अंतर्गत तनेरा ग्राम पंचायत के गोरिलाडांड मोहल्ले में निवासरत धनसिंह गोंड़ नामक ग्रामीण को कल दोपहर मौत के घाट उतारने के बाद हाथियों के दल ने क्षेत्र में डेरा डाल दिया है। बड़ी संख्या में हाथियों के घटना स्थल पर मंडराते रहने के कारण मृतक के शव को बरामद करने में काफी देर हुई और घटना के 3-4 घंटे बाद जब हाथियों का दल अन्यत्र रवाना हुआ तो वन विभाग की टीम ने हाथी के हमले में मृत ग्रामीण के शव को पंचनामा कर कब्जे में लिया और पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां आज सुबह डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया।
हाथियों का दल लगातार क्षेत्र में डेरा डाला हुआ है। बीती रात इस दल ने जमकर उत्पात मचाते हुए ग्रामीणों के फसल को तहस-नहस कर दिया। हाथियों का उत्पात रात भर चला। इस दौरान दो दर्जन से अधिक ग्रामीण प्रभावित हुए, जिनकी फसल को हाथियों ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। क्षेत्र में ग्रामीण को मौत के घाट उतारने तथा उसके बाद बड़ी मात्रा में धान फसल को तहस-नहस किये जाने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। हालांकि वन विभाग पीडि़तों की सहायता के लिए नुकसानी का आंकलन करने के साथ उसकी भरपाई के लिए मुआवजा देने की तैयारी शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसाार विभाग द्वारा ग्रामीणों से लगातार सावधानी बरतने तथा हाथियों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। बावजूद इसके ग्रामीण नहीं मान रहे हैं और विभाग की चेतावनी और सलाह को दरकिनार कर हाथियों को खदेडऩे जंगल पहुंच जा रहे हैं।






























