कोरबा। कोरबा वनमंडल अंतर्गत कुदमुरा रेंज में करंट की चपेट में आने से लोनर हाथी की हुई मौत के मामले में वन विभाग ने तीन ग्रामीणों को दोषी मानते हुए गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने दस्तावेज बनाना शुरू कर दिया है। दस्तावेज तैयार होते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी कोर्ट लाएंगे और न्यायाधीश के समक्ष पेश करेंगे।
याद रहे कुदमुरा रेंज के चचिया बिट के बैगामार जंगल में एक लोनर हाथी की करंट से मौत होने की सूचना मिलते ही वन विभाग में हडक़ंप मच गया था। वन विभाग के अधिकारियों ने जब मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो इसके लिए टीकाराम राठिया, बाबूराम राठिया एवं कृष्णा राठिया को दोषी पाया जिन्होंने जानवरों से फसल को बचाने अपने खेतों में करंट प्रवाहित तार लगा रखा था। जिसके संपर्क में हाथी आ गया था और उसकी मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल तीनों ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया। जिस पर वन विभाग के अधिकारियों ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।