एनएच 130 पर बंजारी में लोगों को इंतजार कराया हाथियों ने

कोरबा। जंगली जानवरों के कारण इंसानों का परेशान होना लाजिमी है। नेशनल हाईवे 130 पर कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग में 46 हाथियों के समूह ने सडक़ को पूरे इत्मिनान से पार किया। जोखिम और खतरे को जानकर वाहन चालक से लेकर आम लोग सहमे रहे। जब तक हाथी हाईवे से पार हुए, हाईवे पर दोनों तरफ गाडिय़ों की लाइन लगी रही।
जानकारी मिली कि बंजारी गांव के पास नेशनल हाइवे 130 पर हाथियों के झुंड ने सडक़ पार किया। झुंड में कई छोटे हाथी (बेबी एलिफेंट) भी मौजूद थे। हाथियों को देख सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई। फारेस्ट अधिकारी ने जानकारी दी कि एतमागर और आसपास के क्षेत्रों में यह झुंड बीते कई दिनों से सक्रिय है। इनकी निगरानी मोबाइल एप के माध्यम से की जा रही है। डीएफओ झा ने बताया कि हाथियों से समय रहते लोगों को सतर्क करने के लिए 85 गांवों में चेतावनी सायरन लगाए गए हैं। हाथी के प्रवेश करते ही सायरन बजा दिए जाते हैं जिससे ग्रामीण सतर्क हो सकें। इससे पहले भी हाईवे में कई बार ऐसी तस्वीरें पेश आ चुकी हैं। याद रहे कई जगह हाथियों के गुजरने के लिए अलग स्थान बनाया गया है लेकिन देखने में आ रहा है कि हाथी इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं।

RO No. 13467/11