
जांजगीर। जांजगीर जिले के शिक्षक संघ ने शाला समय में बदलाव और अर्धवार्षिक परीक्षा को एक पाली में आयोजित करने की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है। शिक्षक संघ ने बताया कि आसपास के जिलों में स्कूलों का संचालन समय बदल दिया गया है, लेकिन जांजगीर चाम्पा में अभी तक ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।
शिक्षक संघ का कहना है कि ठंड के मौसम में सुबह और दोपहर की पाली में कक्षाओं और परीक्षा संचालन से बच्चों और शिक्षकों दोनों को कठिनाई हो रही है। संघ ने बताया कि वर्तमान समय सारणी के अनुसार 10वीं से 12वीं तक की कक्षा की परीक्षा सुबह 10.00 बजे से दोपहर 01.00 बजे तक और 9वीं से 11वीं तक की परीक्षा दोपहर 01.30 से 04.30 बजे तक निर्धारित की गई है।
ऐसे में देर शाम तक स्कूल खुला रहना ठंड के दिनों में अव्यवहारिक और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया है कि अर्धवार्षिक परीक्षा को दो पालियों में संचालित करने के बजाय एक पाली में आयोजित करने के निर्देश जारी किए जाएं। इससे छात्रों और शिक्षकों की परेशानी कम होगी और परीक्षा संचालन भी सुचारू रूप से होगा।
शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विकास सिंह और संतोष शुक्ला ने कहा कि यह कदम शिक्षा व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करेगा। ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचे संगठन के पदाधिकारी।






















