
झुमरीतिलैया (कोडरमा)। केन्द्रीय ट्रेड यूनियन्स (सीटीयू) और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के देशव्यापी आह्वान पर कोडरमा में मजदूरों और किसानों ने समाहरणालय परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य चार लेबर कोड को रद करना और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी दिलाना था।
प्रदर्शन से पूर्व उर्मिला चौधरी मोड़ से एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो कोडरमा बाजार होते हुए जिला मुख्यालय पर पहुंचा और सभा में तब्दील हो गया। जुलूस में शामिल प्रदर्शनकारियों ने मजदूर विरोधी लेबर कोड फाड़ दो, गुलामी का दस्तावेज श्रम संहिता रद्द करो, किसानों का कर्जा माफ करो.. जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड राज्य किसान सभा के राज्य संयुक्त सचिव असीम सरकार ने की। सभा को सीटीयू के राज्य सचिव संजय पासवान, जिप सदस्य एवं एटक नेता महादेव राम, सोनिया देवी, उदय द्विवेदी, सीटीयू के जिला सचिव रमेश प्रजापति, जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश, किसान महासभा के राजेन्द्र मेहता, किसान सभा के अर्जुन यादव, महेश सिंह, एक्टू के जिला सचिव विजय पासवान, तुलसी राणा और दामोदर यादव सहित अन्य ने संबोधित किया।

































