त्रियोगी योग में महाशिवरात्रि पर कल दिखेगी भक्ति, पाली में महोत्सव

कोरबा। माघु शुक्ल प्रदोष को बन रहे त्रियोगी योग के बीच महाशिवरात्रि पर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा। इस दिन भक्ति के कई नजारे दिखाई देंगे। शिवालयों में इस पर्व के लिए तैयारी कर ली गई है। कुछ स्थानों पर इसे आज अंतिम रूप दिया जा रहा है, जबकि महाशिवरात्रि से ही दो दिन का लोक महोत्सव ऐतिहासिक स्थल पाली में प्रारंभ होगा। प्रशासन ने स्थानीय कलाकारों को यहां महत्व देना तय किया है।
वारियान सहित तीन विशेष योग महाशिवरात्रि पर निर्मित हो रहे हैं जो इसे काफी विशिष्ट बनाएंगे। कहा जा रहा है कि काफी अरसे बाद इस तरह की स्थिति महादेव के पर्व पर सामने आ रही है, इसलिए इस पर्व के अपने अलग मायने होंगे। कोरबा नगर और उपनगरीय क्षेत्रों व अंचल के शिवालयों में महाशिवरात्रि के लिए प्राथमिक तैयारियां की गई है। यहां विशेष श्रृंगार के साथ रुद्राभिषेक और कई अनुष्ठान संपन्न होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति मौके पर होगी। कई सामाजिक संस्थाओं के अलावा मंदिर समितियों ने अपने बजट के हिसाब से भंडारा का आयोजन भी करना तय किया है।नवीं शताब्दी में विक्रमादित्य द्वितीय के द्वारा बनाए गए शिव मंदिर के महत्व को रेखांकित करने के लिए जिला प्रशासन दो दिवसीय पाली महोत्सव का आयोजन कर रहा है। कई प्रकार के संदेश इसके जरिए देने की कोशिश होगी।

RO No. 13467/10