
पलवल। शहर थाना अंतर्गत नूंह रोड पर फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने चलती कार को रुकवाकर न केवल फायरिंग की, बल्कि एक युवक को बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया और उसे अपनी गाड़ी में डालकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण आरोपित युवक को सिकरावा गांव के पास छोड़कर भाग निकले।
नूंह के बैंसी गांव के रहने वाले शिकायतकर्ता शाहरुख ने बताया कि 18 दिसंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपने भाई सलमान और अन्य साथियों के साथ पलवल से घर वापस लौट रहा था। जैसे ही उनकी स्विफ्ट कार हथीन मोड़ से नूंह रोड पर करीब एक किलोमीटर आगे बढ़ी, तभी एक सफेद रंग की बिना नंबर की बलेनो कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया।
जब उन्होंने गाड़ी पीछे करने की कोशिश की, तो पीछे से एक और सफेद गाड़ी और मोटरसाइकिल पर सवार करीब 10-12 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों ने लाठी-डंडों से कार पर हमला कर दिया और गाड़ी को सड़क किनारे गड्ढे में गिरा दिया।
दहशत फैलाने के लिए की फायरिंग
शाहरुख के अनुसार असलम और अलीम ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया। अलीम ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। बदमाशों ने सलमान को कार से बाहर निकाला, उसके कपड़े उतार दिए और उसे अधमरा होने तक पीटा। इसके बाद आरोपी सलमान को अपनी गाड़ी में पटक कर ले गए और गाड़ी में रखे 50,000 रुपये भी लूट लिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत आरोपितों का पीछा किया। पुलिस की भनक लगने पर आरोपित सलमान को गांव सिकरावा के पास सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।























