
बैकुंठपुर। चिरमिरी के पंडित दीनदयाल चौक पोड़ी क्षेत्र से लगे जंगल में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। आग लगने से जंगल के सूखे पत्तों और झाडिय़ों में तेजी से लपटें फैलने लगीं। जिस इलाके में आग लगी है वहां कई हरे-भरे पेड़ भी हैं, जिससे वन संपदा को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आग के पीछे महुआ बिनने वालों की लापरवाही हो सकती है। अक्सर महुआ बीनने के लिए जमीन पर गिरे सूखे पत्तों को साफ करने के उद्देश्य से आग लगा दी जाती है, जो बाद में फैलकर जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लेती है। यह भी आरोप लगाया कि मौके पर वन विभाग का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। बीट गार्ड के नदारद रहने से लोगों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि यदि समय पर निगरानी और कार्रवाई की जाए तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा जंगलों की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है।














