
इस्लामाबाद। तुर्किये के इस्तांबुल शहर में गुरुवार को अफगानिस्तान और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों के बीच सीमा पर शांति बनाए रखने को लेकर वार्ता शुरू हुई लेकिन इसी दौरान दोनों देशों के सैनिकों के बीच सीमा पर फायरिंग हो गई। फायरिंग में किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है। अफगानिस्तान के स्पिन बोल्डक कस्बे के नजदीक सीमा पर हुई फायरिंग के लिए दोनों देशों ने एक-दूसरे को दोषी ठहराया है लेकिन संघर्षविराम बनाए रखने का संकल्प भी व्यक्त किया है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसी के चलते अक्टूबर में कई दिन तक दोनों देशों के सैनिकों के बीच फायरिंग और गोलाबारी हुई थी। पाकिस्तानी वायुसेना ने काबुल और अन्य अफगान शहरों पर हवाई हमले किए थे।
अफगानिस्तान की ओर से भी पाकिस्तानी क्षेत्र में ड्रोन हमले किए गए थे। उस लड़ाई में दोनों देशों के दर्जनों लोग मारे गए थे। बाद में सऊदी अरब और कतर के कहने पर लड़ाई रुकी थी, दोहा में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर भी किए थे।

























