
नईदिल्ली १० फरवरी।
बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर गोलीबारी कांड में अब मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़े खुलासे किए हैं। मामले में क्राइम ब्रांच ने ये स्पष्ट किया है कि शूटर्स के निशाने पर रोहित शेट्टी ही थे। साथ ही क्राइम ब्रांच ने आरोपी हथियार सप्लायर और बिश्नोई गैंग का आपस में कनेक्शन स्पष्ट किया है। ये भी पता चला है कि किस तरह से सप्लायर ने वो हथियार भेजे थे, जिनसे बाद में रोहित शेट्टी के घर गोलीबारी की गई। मामले में जांच करते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया कि रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी की घटना में आरोपी हथियार सप्लायर आसाराम फासले पिछले चार साल से बिश्नोई गिरोह के लिए गैराज मैकेनिक के तौर पर काम कर रहा था। वह बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और रोहित शेट्टी गोलीबारी मामले के कथित मास्टरमाइंड शुभम लोनकर के प्रभाव में आकर इस गिरोह में शामिल हुआ था। क्राइम ब्रांच का दावा है कि आसाराम फासले ने शुभम लोनकर के निर्देश पर स्वप्निल सकत को हथियार सौंपे थे।
इन्हीं का इस्तेमाल बाद में अज्ञात शूटर ने रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी में किया था। मामले में पुलिस ने 5 फरवरी को आरोपी आसाराम फसाले को गिरफ्तार किया था। पहले से गिरफ्तार चार आरोपियों में से आसाराम फसाले की सीधी पहचान स्वप्निल सकट से थी, जो शुभम लोंकर के जरिए कराई गई थी। क्राइम ब्रांच को यह भी जानकारी मिली है कि आसाराम के गैंग से जुड़े होने की भनक उसके कुछ करीबी लोगों को थी। हालांकि, वे लोग कौन हैं और क्या उनका भी लॉरेंस गैंग से कोई सीधा कनेक्शन है, इस एंगल से पुलिस अब जांच कर रही है।





















