मिशिगन के चर्च में गोलीबारी: कम से कम 4 की मौत, ट्रंप ने बताया ईसाइयों पर हमला

नई दिल्ली। मिशिगन के एक चर्च में हमलावर ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। हमलावर ने चर्च में आग भी लगा दी, जिससे चर्च को काफी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह हमला सीधे-सीधे अमेरिकी ईसाइयों पर किया गया है। हिंसा की इस महामारी को तत्काल खत्म करने की जरूरत है। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करने की भी अपील की।

दरवाजा तोड़कर घुसा हमलावर

मिशिगन के पुलिस प्रमुख विलियम रेनी ने बताया कि रविवार सुबह 10.30 बजे हमलावर अपने वाहन से चर्च के मुख्य दरवाजे को तोड़ते हुए भीतर घुस गया और गोलियां बरसानी शुरू कर दी। गोलीबारी की यह घटना चर्च ऑफ जीसस क्राइस्ट ऑफ लैटर-डे सेंट्स के प्रमुख रसेल एम. नेल्सन के निधन के अगले दिन हुई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए चर्च में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

RO No. 13467/11