पहले उड़ाने रद और अब लगेज के लिए लाइन, IndiGo के यात्रियों को पांच दिन बाद भी नहीं मिला सामान

नई दिल्ली। इंडिगो संकट के कारण यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही। सबसे बड़ी समस्या सामान (लगेज) नहीं मिलने की है। कई यात्री ऐसे हैं, जो पांच दिन बीत जाने के बाद भी अपने सामान का इंतजार कर रहे हैं। कुछ लोग घर पहुंच गए हैं, लेकिन सामान नहीं पहुंचा है।

गुजरात के सूरत निवासी किरण और विभा गांधी तीन दिसंबर को वाराणसी से खजुराहो होते हुए आइजीआइ एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां से उनकी उड़ान उसी दिन सूरत के लिए थी, लेकिन उड़ान रद हो गई। इसके बाद पांच दिसंबर के लिए रिशेड्यूल किया गया। जब वे पांच दिसंबर को एयरपोर्ट पहुंचे, तो पता चला कि इंडिगो के यात्रियों को टर्मिनल के भीतर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। कस्टमर केयर से कई बार संपर्क करने के बाद उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनका सामान घर पर पहुंचा दिया जाएगा, लेकिन उड़ान कब मिलेगी, इसका कोई उत्तर नहीं मिला। किरण और विभा सूरत से तीर्थाटन के लिए निकले यात्रियों के उस जत्थे में शामिल हैं, जिसमें करीब 15 लोग और हैं। इनमें से किसी को भी अभी तक सामान नहीं मिला है। किरण ने सामान्य से तीन गुना अधिक किराया देकर अहमदाबाद के लिए बस का टिकट लिया। लेकिन, यहां भी लेटलतीफी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। तय समय से तीन घंटे बाद बस आई। किसी तरह अहमदाबाद पहुंचने के बाद उन्होंने सूरत के लिए टैक्सी बुक की थी, लेकिन वह तय समय पर निकल गई। इस प्रकार उन्हें और भी नुकसान हुआ।

RO No. 13467/11