ब्रह्म मुहूर्त में पहुंचे भक्त कांवरियों में दिखा उत्साह
कोरबा। श्रवण मास के पहले सोमवार को कोरबा जिले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवालयों में अलसुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले के तीन प्रमुख स्थलों से कांवड़ यात्रा निकालते हुए श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को जल अर्पित किया। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक और अन्य धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न कराए गए।
सावन के सोमवार का हिंदू धर्म में विशेष महत्व होता है। वर्ष 2025 के पहले सावन सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही भक्तों की कतारें शिवालयों में लग गईं। मंदिरों के प्रवेश द्वार पर लगे घंटों की मधुर ध्वनि से माहौल भक्तिमय हो गया। कोरबा में हसदेव नदी के सर मंगला घाट से श्रद्धालु जल लेकर रात्रि में कनकेश्वर धाम कनकी की पदयात्रा पर निकले। अगली सुबह उन्होंने चक्रेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। वहीं, विकासखंड पाली के नर्सिंग गंगा से जल लेकर आए भक्तों ने कटघोरा की हनुमानगढ़ी स्थित शिवालय में जल अर्पित किया। कोरकोमा के शंकर खोल मंदिर में भी भक्तों ने कांवड़ यात्रा के साथ शिवलिंग पर जल चढ़ाकर श्रद्धा प्रकट की। कोरबा के कपिलेश्वर नाथ मंदिर, सुभाष ब्लॉक स्थित शिव मंदिर, सीसीएल कॉलोनी के मृत्युंजय मंदिर, नगर निगम कॉलोनी के त्रिलोकी नाथ मंदिर, सीतामढ़ी का सत्यदेव मंदिरमें हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
श्रावण सोमवार पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों—कांवडिय़ा संघ, अग्रवाल समाज, मारवाड़ी युवा मंच, लायंस क्लब और ग्राम जागृति संघ—द्वारा मंदिरों के पास सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में भक्तों को विश्राम, जलपान और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं दी गईं।
आयोजकों ने यह भी कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार पर सेवाएं जारी रहेंगी
विक्रमादित्य द्वितीय के शासनकाल में कोरबा जिले के पाली में भगवान शिव का मंदिर का निर्माण कराया गया था। 11वीं शताब्दी का यह मंदिर इतिहास का साक्षी बना हुआ है और इसके प्रति न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि विभिन्न राज्यों के श्रद्धालुओं की अतिव आस्था है। यहां की वास्तुकला इस बात को दर्शाती है कि हजारों वर्ष पहले भारत में भवन निर्माण की तकनीक और उसमें काम करने वाला वर्ग कितना कार्य कुशल रहा होगा। भारतीय पुरातत्व विभाग के संरक्षण में इस मंदिर को रखा गया है। प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के द्वारा महाशिवरात्रि पर आयोजित किया जाने वाला पाली महोत्सव इस धार्मिक विरासत को नई पहचान देने का माध्यम बना हुआ है। बताया गया कि पूरे सावन के महीने में यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
महानदी कॉम्प्लेक्स में शिव पुराण कथा सुनने की व्यवस्था
सावन के महीने में कोरबा जिले में कई जगह शिव महापुराण कथा के आयोजन चल रहे हैं। इन सब में खास है पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा जिसका आयोजन भक्त महाकाल मंडल के द्वारा किया गया है। मौसम और समय के कारण हुए बदलाव से सीमित लोगों की प्रत्यक्ष उपस्थिति मौके पर संभव हुई है। बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग स्थान पर बैठकर कथा सुन सके इसके लिए वैकल्पिक उपाय किए गए हैं। महानदी परिसर में पतंजलि चिकित्सालय के सामने डॉ नागेंद्र नारायण शर्मा के द्वारा बड़े पर्दे की व्यवस्था कराई गई है जहां पर कथा के ऑनलाइन प्रसारण को लोग देख सुन रहे है।