
नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी हुई है, जबकि दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड, घने कोहरे और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खराब मौसम का असर यातायात और महत्वपूर्ण दौरों पर भी पड़ा है।
आज से कश्मीर में चिल्ले कलां शुरू
कश्मीर में मौसम का पहला हिमपात हुआ और हिमाचल के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी जारी है। उत्तराखंड में भी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी दी है। दिल्ली में शनिवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पंजाब से लेकर बिहार और झारखंड तक शीतलहर का प्रकोप है। खराब मौसम के चलते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल प्रदेश (कांगड़ा) दौरा रद्द करना पड़ा, जहाँ उन्हें एसएसबी के स्थापना समारोह में शामिल होना था। घने कोहरे के कारण कई उड़ानें रद करनी पड़ीं और दर्जनों ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
दिल्ली में शीतलहर चलने की घोषणा जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली में शीतलहर चलने की घोषणा कर दी है। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान के 4 डिग्री सेल्सियस अथवा उससे नीचे गिरने या सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम होने पर शीतलहर की घोषणा की जाती है। तापमान के 2 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे गिरने अथवा पारे में सामान्य से 6.5 डिग्री की गिरावट पर भीषण शीतलहर होती है।
































