इस्राइली हमले में गाजा में दो बच्चों समेत पांच की मौत

गाजा। इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष विराम को करीब दो माह का समय बीतने वाला है, लेकिन अभी भी तनाव बना हुआ है और संघर्ष विराम के बाद भी कई बार दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमले के आरोप लगा चुके हैं। ताजा इस्राइली हमले में गाजा में दो बच्चों समेत पांच की मौत हो गई है। गाजा सिविल डिफेंस एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। वहीं इस्राइल का दावा है कि हमास के लड़ाकों ने उसके सैनिकों पर हमला किया, जिसमें उसके पांच सैनिक घायल हो गए। गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी ने बताया कि इस्राइली मिसाइल हमले में पांच नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं। कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। यह हमला खान यूनिस के पश्चिम में स्थित अल मवासी में हुआ। एजेंसी ने बताया कि कुवैत के फील्ड अस्पताल के पास स्थित शरणार्थी कैंप में यह हमला हुआ। गाजा के एक अस्पताल ने भी हमले में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है।
मरने वालों में आठ और 10 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। अस्पताल ने बताया कि हमले में 32 लोग घायल हुए हैं। वहीं इस्राइली सेना ने बयान जारी कर कहा कि दक्षिणी गाजा में हमास के आतंकियों ने उनके जवानों पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें पांच जवान घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत बेहद गंभीर है।

RO No. 13467/11