काठमांडू, 0८ जुलाई ।
मानसून की एंट्री के बाद न सिर्फ भारत बल्कि नेपाल के भी कई इलाकों में बारिश से त्राहिमाम मच गया है। नदियों ने विकराल रूप धारण कर लिया है, जिससे कुछ जगहों पर बाढ़ के हालात बन गए हैं। इसका असर नेपाल और चीन की सीमा पर भी देखने को मिल रहा है। दरअसल नेपाल और चीन के बीच बना मैत्री सेतु भी बाढ़ की भेंट चढ़ गया है। पानी के तेज बहाव में न सिर्फ पुल ढह गया बल्कि 18 लोग भी इसमें बह गए हैं। मैत्री पुल नेपाल और चीन को कनेक्ट करने वाला मुख्य ब्रिज था। भोटेकोशी नदी पर बना यह पुल नेपाल के रसुवा जिले को चीन से जोड़ता था। हालांकि, भारी बारिश के कारण भोटेकोशी नदी में बाढ़ के हालात बन गए।
बीती रात तकरीबन 3.15 बजे पुल भी बाढ़ में बह गया। नेपाल की राजधानी काठमांडू से महज 120 किलोमीटर की दूरी पर बने इस पुल के साथ ही 18 लोग भी तेज बहाव की भेंट चढ़ गए। इनमें 12 नेपाली और 6 चीनी नागरिक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी 18 लोग अभी लापता है और उनकी खोज की जा रही है।