
पूर्वी दिल्ली 21 जुलाई। राजधानी में पहली बार महिला कांवडिय़ों के दो पिंक कांवड़ शिविर लगे हैं। संस्थाओं ने अपने स्तर पर पहल कर इन शिविरों को लगाया है। पिंक टेंट इनकी पहचान है। साथ ही इनमें सेवा करने के स्वयं सेवी भी महिलाएं ही हैं। इनमें ठहरने वाली महिला कावंडिय़ों की संख्या कम है, लेकिन जो रुक कर जा रही हैं, वह इसे सराहनीय पहल बता रही हैं। यमुनापार में जीटीबी एन्क्लेव ई-पॉकेट में तत्व सेवा समिति पिंक कावंड़ शिविर चला रही है। शिविर संचालक समिति की अध्यक्ष दीप्ति जोशी ने बताया कि उनकी संस्था ने पहली बार ही कांवड़ शिविर लगाया है। जब इसके विचार कर रहे थे तो यही तय हुआ कि कुछ अलग किया जाए। चर्चा करते हुए सबकी सहमति बनी की केवल महिला कांवडिय़ों के लिए ही शिविर लगाया जाए।