ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो की तबीयत बिगड़ी जेल से ले जाया गया अस्पताल, आईसीयू में इलाज जारी

ब्रासीलिया, 14 मार्च ।
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बोल्सोनारो को निमोनिया हो गया है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राजधानी ब्रासीलिया के एक अस्पताल ने जानकारी दी कि उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार 70 वर्षीय बोल्सोनारो को तेज बुखार, पसीना, ठंड लगना और ऑक्सीजन का स्तर कम होने जैसी समस्याएं हो रही थीं। जांच में पता चला कि उन्हें ब्रोंकोनिमोनिया है, जो निमोनिया का एक प्रकार होता है और आमतौर पर बैक्टीरिया के कारण होता है। बोल्सोनारो के स्वास्थ्य को लेकर उनके डॉक्टर ब्रासील कायाडो ने पत्रकारों से कहा कि 70 साल से अधिक उम्र के लोगों में निमोनिया हमेशा गंभीर माना जाता है। उन्होंने बताया कि अगर बैक्टीरिया खून में पहुंच जाए तो यह सेप्टीसीमिया (खून में संक्रमण) में बदल सकता है, जिससे स्थिति और खतरनाक हो सकती है। इससे पहले उनके बड़े बेटे फ्लेवियो बोल्सोनारो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उनके पिता को जेल से अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि सुबह बोल्सोनारो को ठंड लग रही थी और उल्टी भी हो रही थी। फ्लावियो ने लोगों से अपील करते हुए लिखा कि उनके पिता के लिए प्रार्थना करें ताकि बीमारी ज्यादा गंभीर न हो।दरअसल, जेयर बोल्सोनारो इस समय 27 साल की सजा काट रहे हैं। पिछले साल ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट के जजों के एक पैनल ने उन्हें 2022 के चुनाव के बाद सत्ता पलटने की साजिश में दोषी ठहराया था। उन पर आरोप है कि चुनाव हारने के बाद उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को गिराने की कोशिश की। इस मामले की सुनवाई सर्वोच्च संघीय न्यायालय में हुई थी।
बोल्सोनारो के परिवार वाले लगातार मांग कर रहे हैं कि उन्हें जेल की बजाय घर में रहकर सजा काटने की अनुमति दी जाए। परिवार का कहना है कि जेल में उन्हें पर्याप्त इलाज नहीं मिल रहा है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इन मांगों को खारिज कर दिया है। उनके बेटे ने भी सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि सिस्टम उनके पिता को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि अदालत ने इन आरोपों को गलत बताया है। बोल्सोनारो पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। 2018 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान एक रैली में उन पर चाकू से हमला हुआ था, जिसके बाद से उन्हें कई बार सर्जरी और इलाज कराना पड़ा। इस साल जनवरी में भी उन्हें बिस्तर से गिरने के बाद दिमाग की जांच के लिए इसी अस्पताल में लाया गया था। इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी ध्यान मिला था।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील पर टैरिफ लगाने का फैसला किया था और कहा था कि बोल्सोनारो के खिलाफ चल रही न्यायिक कार्रवाई विच हंट यानी राजनीतिक बदले की कार्रवाई जैसी है। हालांकि बाद में इन टैरिफ में से कई हटा दिए गए।

RO No. 13467/11