पूर्व पार्षद व अल्पसंख्यक जिला मंत्री ने भाजपा की सदस्यता से दिया इस्तीफा

बलौदा । नगर पंचायत बलौदा की स्थानीय राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब वार्ड क्रमांक 4 के पूर्व पार्षद एवं एल्डरमैन रफीक कुरैशी तथा वार्ड क्रमांक 14 के अल्पसंख्यक जिला मंत्री डा. अब्दुल अजीज ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व को लिखित त्यागपत्र सौंपते हुए संगठनात्मक कार्यप्रणाली और हालिया घटनाक्रम पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। अपने इस्तीफे में उन्होंने उल्लेख किया कि वे लंबे समय से पार्टी की विचारधारा, नीतियों और अनुशासन का पालन करते हुए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। हाल ही में एसआईआर से संबंधित एक ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की गई थी। इसके बाद हुए घटनाक्रम से वे मानसिक रूप से आहत हुए है।
दोनों पदाधिकारियों का यह है कहना कि जिन पदाधिकारियों के साथ उन्होंने निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया, उन्हीं की ओर से उनके लोकतांत्रिक अधिकारों पर आपत्ति दर्ज कराई गई, जो न केवल व्यक्तिगत अपमान है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए भी चिंताजनक संकेत है। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान उनके और उनके परिवार के सदस्यों के नाम विलोपित कराने के लिए आपत्तियां दर्ज कराई गई।
संगठन के भीतर असंतोष का संकेत
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर यह इस्तीफा संगठन के भीतर असंतोष का संकेत हो सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले समय में यह देखना होगा कि यह घटनाक्रम स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को किस प्रकार प्रभावित करता है।

RO No. 13467/11