
शेखपुरा [एजेंसी]। शेखपुरा शहर से शाहपुर जाने वाले रास्ते में कोसुम्बा गांव के पास गोपालगंज के कांवडिय़ों से भरी एक बस तार के पेड़ से टकरा गई। इसमें चार दर्जन कांवडिय़ों घायल हो गए। इसमें महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। सभी घायलों को शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी का इलाज चल रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कांवडिय़ों ने बताया कि वे गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के शेखपरसा से आए हैं।
यहां के विभिन्न गांवों के लोग नव युवक कांवडिय़ों संघ की बस से धार्मिक यात्रा पर निकले थे, जिसमें सभी लोग सुल्तानगंज, देवघर, बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना के बाद गोपालगंज के थावे होते हुए राजगीर जा रहे थे।इसी दौरान यह हादसा हुआ। यह बस 18 जुलाई को गोपालगंज से रवाना हुई थी। बताया गया कि रास्ते में एक पिकअप वाहन फंस गया था, जिसे बचाने के चक्कर में बस तार के पेड़ से टकरा गई, जिससे सभी लोग घायल हो गए। उधर, सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।घायलों में निर्मला देवी, सुभाष साह, देवेंद्र यादव, अंशु बैठा आदि की हालत गंभीर बताई जा रही है।