आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे के कारण आपस में भिड़े चार वाहन, 10 लोग घायल

आगरा, १२ मार्च ।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर औरास क्षेत्र के लोधीटीकुर गांव के पास बुधवार सुबह लगभग तडक़े घना कोहरा होने से ट्रेलर व स्लीपर बस समेत चार वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में बस के 10 यात्री घायल हो गए। झपकी आने से ट्रेलर के अनियंत्रित हो डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाने व दृश्यता बेहद कम होने से ट्रॉला, स्लीपर बस और लोडर पीछे से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉला के पीछे के चार टायर निकल सडक़ पर गिर गए। घायलों में चार को औरास सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। आधा घंटे तक लखनऊ से आगरा जाने वाले लेन पर ओवरटेकिंग और कार लेन पर आवागमन बंद रहा। राजस्थान निवासी ट्रेलर चालक नारायण ट्रेलर से फार्च्यून तेल लेकर राजस्थान से बिहार जा रहा था। बुधवार तडक़े लगभग 5.45 बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर औरास क्षेत्र के लोधीटीकुर गांव के पास चालक नारायण को झपकी आ गई। लगभग 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से लखनऊ की ओर फार्च्यून तेल लेकर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर की जाली तोड़ते हुए दूसरी लेन में चला गया। ट्रेलर के दूसरी लेन में जाते ही बुधवार सुबह घना कोहरा होने से लखनऊ से आगरा की ओर लोहे के एंगल लेकर जा रहा 18 चक्का ट्रॉला ट्रेलर में घुसकर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रॉला की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर होते ही ट्रॉला के पिछले ओर के चार टायर रिम समेत निकल गए। इसी बीच कन्नौज के विष्णुगढ़ क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी स्लीपर बस चालक सदानंद कोहरा अधिक होने से बस लेकर इन वाहनों में पीछे से टकरा गया। बस की रफ्तार लगभग 80 किमी प्रति घंटा थी। बस पटना से दिल्ली जा रही थी। इसी के बाद फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के उमर खेड़ा निवासी मंजेश का लोडर भी इन्हीं वाहनों में घुस गया।हादसे में बस में बैठे 70 यात्रियों में 10 घायल हो गए। चार को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अन्य छह यात्रियों को सीएचसी में इलाज के बाद छुट्टी दे गई। 10 मिनट बाद पहुंची यूपीडा टीम समेत औरास एसओ संजीव कुशवाहा बांगरमऊ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे और कोहरा में अन्य वाहन इन वाहनों से न टकराए इसके लिए तुरंत क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे के किनारे कराया।आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह घना कोहरा हादसे की बड़ी वजह बना। औरास क्षेत्र के लोधीटीकुर गांव के पास दृश्यता लगभग 20 मीटर तक सिमट गई थी। ऐसे में तेज रफ्तार से आ रहे वाहन चालकों को आगे खड़े या क्षतिग्रस्त वाहनों का अंदाजा नहीं लग सका।यही कारण रहा कि एक के बाद एक चार वाहन आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोहरा इतना घना था कि पास खड़ा व्यक्ति भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सके।ट्रेलर और ट्रॉला की टक्कर के कुछ ही क्षण बाद पटना से दिल्ली जा रही स्लीपर बस भी कोहरे के कारण समय रहते रुक नहीं सकी और दोनों वाहनों से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहा लोडर भी इनमें जा घुसा। जिस समय हादसा हुआ बस में अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।बस के टकराते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस और यूपीडा को सूचना दी। पुलिस ने सभी यात्रियों को शांत करा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

RO No. 13467/11