
मॉस्को। पोलैंड पहुंचे रूसी ड्रोन गिराए जाने से बढ़े तनाव के बीच रूस और बेलारूस ने संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है। जापाड-2025 नामक यह सैन्य अभ्यास पोलैंड की सीमा के नजदीक किया जा रहा है।
पोलैंड हाई अलर्ट पर
इस अभ्यास के चलते पोलैंड हाई अलर्ट पर आ गया है। इस बीच नाटो सहयोगी के रूप में एकजुटता दिखाने के लिए फ्रांस ने पोलैंड में राफेल लड़ाकू विमानों की तैनाती की घोषणा की है।
जयशंकर की पोलिश समकक्ष से वार्ता, शांति की अपेक्षा की
रूस और नाटो के सदस्य देश पोलैंड के बीच बढ़े तनाव के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पोलिश समकक्ष राडोस सिकोरस्की से टेलीफोन पर बात की है और क्षेत्रीय शांति के लिए यूक्रेन युद्ध के जल्द खत्म होने की आवश्यकता जताई है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि सैन्य अभ्यास के पहले चरण में दोनों देश अपने ऊपर होने वाले हमले का मिलकर बचाव का अभ्यास कर रहे हैं। दूसरे चरण में दोनों देश मिलकर अपनी जमीन पर कब्जा बरकरार रखने और दुश्मन को बर्बाद करने वाले अभ्यास करेंगे। इस तरह की कार्रवाई में सहयोगी देशों की सेनाओं का भी सहयोग लिया जाएगा।






















