नई दिल्ली। इस सप्ताहांत में दिल्ली वासियों को गर्मी अधिक परेशान कर सकती है। शुक्रवार से दोबारा लू चलेगी और शनिवार को भी जारी रहेगी। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 43 डिग्री तक जाने के आसार हैं।

दूसरी तरफ बृहस्पतिवार को आसमान दिन भर साफ रहा और तेज धूप निकली रही। तीखी गर्मी के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक 41.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 60 से 13 प्रतिशत तक रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिज में 42.7 डिग्री जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान पीतमपुरा में 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को दिन भर आसमान साफ रहेगा। तेज धूप निकली रहेगी। 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। बीच बीच में इसकी रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे की भी हो सकती है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 व 23 डिग्री रहने का अनुमान है।