
आगरा। अगर आप देसी घी खरीद रहे हैं तो एक बार अच्छी तरीके से जांच कर लें। घेवर और मिठाइयां खरीदने के दौरान जल्दबाजी न करें। एक बार अच्छी तरीके से चेक जरूर कर लें। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) टीम ने कल शाम चार बजे नगला ज्ञान सिंह एत्मादपुर तहसील के पास (आईओसी रोड) स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। गोदाम से तीन कुंतल देसी घी बरामद किया गया। 15 दिन पूर्व नूह हरियाणा के दीपक खान ने घी की आपूर्ति की थी। घी की आपूर्ति कासगंज और हाथरस में होनी थी। पूरा घी पांच ड्रमों में रखा हुआ था। पांच नमूने लेने के बाद टीम ने गोदाम को सील कर दिया। जल्द ही टीम हरियाणा भी जाएगी। घी से घेवर और मिठाइयां बननी थीं। मक्खनपुर फिरोजाबाद के किशोर शर्मा ने एफएसडीए ने लाइसेंस ले रखा है। यह लाइसेंस न्यू कृष्णा एंटरप्राइजेज के नाम से है। एक साल पूर्व नगला ज्ञान सिंह, एत्मादपुर तहसील में गोदाम खोला। जलेसर और शिकोहाबाद से क्रीम मंगाया जाता था। यहीं से लूज देसी घी कासगंज, हाथरस सहित अन्य जिलों को बेचा जाता था। एक माह पूर्व किशोर ने नूह हरियाणा के दीपकखान से संपर्क किया। दीपक ने 295 रुपये प्रति किग्रा से घी की बिक्री की बात कही।