बोड़ाझाप गांव में गजदल ने मचाया भारी उत्पात

बाड़ी में लगे बोर पाईप को तोड़ा अमरैय्या उजाड़ा
कोरबा। जिले के करतला रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बीती रात सक्ती रेंज से वापस लौटे गज दल ने नोनबिर्रा बिट के बोड़ाझाप गांव में भारी उत्पात मचाया। इस दौरान गजराजों ने नाबाड़ बाड़ी में प्रवेश कर दो ग्रामीणों के बोर पाईप को तोड़ दिया। इतना ही नहीं वहां अमरैय्या में लगे आम के पेड़ों को भी तहस नहस कर दिया तथा खेतों में पहुंचकर धान की फसल को बेहद नुकसान पहुंचाया है। पीडि़त ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर रात में गजराजों द्वारा किये गए नुकसानी के आंकलन में जुट गए हैं। गजराज क्षेत्र में लगातार उत्पात मचा रहे हैं, जिससे ग्रामीण काफी दहशत में है। उन्होंने बताया कि महीनों मेहनत करने के बाद फसल को तैयार करते हैं लेकिन गजदल अचानक पहुंचकर एक ही रात में उसे उजाड़ देते हैं। वन विभाग को गजदल के आने पर सूचना देते हैं लेकिन वन अमला लापरवाही बरतता है और सूचना दिए जाने के बावजूद वहां गजदल को नियंत्रित करने व खदेडऩे के लिए नहीं पहुंचते। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गजदल को नियंत्रित करने तथा उनकी सुरक्षा के लिए कोई उपाय करे। गजदल ने बोड़ाझाप पहुंचने से पहले रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के गांव केरवाद्वारी में भी फसल को नुकसान पहुंचाया है। उधर कटघोरा वनमंडल के एतमा नगर रेंज में 53 हाथी अभी भी जमें हुए हैं। हाथियों के दल ने परला व आसपास के गांव में उत्पात मचाते हुए फिर फसल को तहस नहस कर दिया है।

RO No. 13467/10