
कोरबा। जिलाधिकारी कुणाल दुदावत से नमामि हसदेव की टीम ने भेंटकर उन्हें जिले की जीवन दायिनी के संरक्षण और इसके तटीय क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य को लेकर सुझाव दिए। बताया गया कि समिति अपने स्तर पर लोगों को नदी संरक्षण के काम में जोड़ रही है। उसने दो साल से हर महीने की अमावस्या और पूर्णिमा को महाआरती के साथ साफ-सफाई का काम जारी रखा है। जिलाधीश से मांग की गई कि कोरबा से कुदुरमाल तक हसदेव में रिवर फ्रंट का निर्माण कराया जाए। ऐसा होने से नदी का कलेवर बदलेगा और पर्यटन की दृष्टि से नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने सौंदर्यीकरण के साथ और भी काम कराने के बारे में तकनीकी आधार प्रशासन को बताए हैं। बताया गया कि कई नदियों के मामले में इस तरह की कोशिश प्रशासन की ओर से की गई है और इसके अच्छे फायदे हुए हैं। अधिकारी ने ज्ञापन में दर्शित बिंदुओं पर गंभीरता दिखाई। इस अवसर पर चंद्रकिशोर श्रीवास्तव, रणधीर पांडेय सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।























