
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को पूरे विश्वास के साथ कहा कि भारत बगैर किसी आक्रामक कदम उठाए गुलाम जम्मू-कश्मीर पर फिर से नियंत्रण पा लेगा। क्योंकि पाकिस्तान के कब्जे वाले इस क्षेत्र के लोग मौजूदा प्रशासन से स्वतंत्रता की मांग कर रहे हैं।
मोरक्को में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा, ‘गुलाम जम्मू-कश्मीर खुद से हमारा होगा। वहां मांगें उठने लगी हैं, आपने नारेबाजी जरूरी सुनी होगी।’ राजनाथ ने बताया कि उन्होंने पांच साल पहले जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के एक कार्यक्रम के दौरान यही बात कही थी।
‘गुलाम कश्मीर खुद कहेगा मैं भी भारत हूं’
उन्होंने कहा, ‘पांच साल पहले कश्मीर घाटी में सेना के एक कार्यक्रम में मैंने कहा था कि हमें गुलाम जम्मू-कश्मीर पर हमला करने और उसे अपने नियंत्रण में लेने आवश्यकता नहीं होगी। यह तो हमेशा से हमारा है। गुलाम जम्मू-कश्मीर खुद कहेगा, मैं भी भारत हूं। यह दिन जल्द आएगा।’
ऑपरेशन सिंदूर पर कही बड़ी बात
जबकि रक्षा मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बारे में कहा, ‘आतंकियों ने देशवासियों का धर्म पूछकर मारा था, लेकिन हम लोगों ने किसी का धर्म नहीं, उनका कर्म देखकर मारा है।’


































