अयोध्या की यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का स्वागत करने के साथ दी गई भेंट

बालकोनगर। सिविक सेंटर स्थित माधव प्रभात शाखा में आज सुबह संक्षिप्त कार्यक्रम किया गया। यहां पर राम नाम लेखन महायज्ञ के अंतिम सोपान में रखी गई राम श्रद्धा सेतु यात्रा के अंतर्गत बालकोनगर क्षेत्र से अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत सत्कार कर भेंट अर्पित की गई। इस अवसर पर संघ चालक और कार्यवाहक अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि ईश्वर की अनुकंपा से न केवल बालकोनगर बल्कि कोरबा जिले से अयोध्या की यात्रा करने वाले सभी श्रद्धालुओं ने बड़ा संदेश देने का काम किया। मौसम के प्रतिकूल होने पर भी यात्रा का निर्विघ्न संपन्न होना अपने आपमें बड़ी बात रही। कहा गया कि मौसम और स्वास्थ्य के मद्देनजर सभी आवश्यक संसाधन सुलभ थे लेकिन उनकी उपयोगिता की जरूरत नहीं रही। कोरबा से अयोध्या जाने और आने के दौरान पूरे मार्ग में आम लोगों और प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों की सहृदयता भी अपने आपमें बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले से तीन अरब 34 करोड़ 54 लाख 40 हजार राम नाम लेखन वाली तीन लाख पुस्तकें अंतरराष्ट्रीय सीताराम बैंक में जमा कराई गई है। कोरबा जिले से शुरु किए गए इस अभियान से छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश के बड़े हिस्से में लोगों को प्रेरणा मिली। इस दौरान लोगों को कई संकल्प दिलाए गए।

RO No. 13467/11