
श्योपुर,09 मार्च । मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म दिया है। ज्वाला तीसरी बार मां बनी है और इन नए शावकों के जन्म के साथ कूनो में चीता परिवार और भी बड़ा हो गया है।
पांच शावकों के जन्म के बाद भारत में जन्मे स्वस्थ चीतों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। यह भारत की धरती पर चीतों का दसवां सफल जन्म समूह माना जा रहा है, जो प्रोजेक्ट चीता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस खुशखबरी की जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे प्रदेश और देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि कूनो में चीतों की बढ़ती संख्या प्रोजेक्ट चीता की सफलता और भारत की समृद्ध जैव विविधता का प्रतीक है। नए शावकों के जन्म के साथ अब भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 53 हो गई है। वन्यजीव संरक्षण के दृष्टिकोण से इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। वन विभाग को उम्मीद है कि ज्वाला और उसके शावक स्वस्थ रहेंगे और आने वाले समय में देश में चीतों की संख्या और तेजी से बढ़ेगी। कूनो नेशनल पार्क अब देश में चीता संरक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है।






























