
जांजगीर। जिले में लगातार गिरते तापमान और बढ़ती शीतलहर के मद्देनजर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विद्यार्थियों के हित में जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त और अन्य विद्यालयों का संचालन समय बदलने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 11 दिसंबर 2025 से आगामी आदेश तक लागू रहेगा।
दो पाली में संचालित होने वाले विद्यालयों में प्रथम पाली में सोमवार से शुक्रवार प्रात: 08 बजे से 12 बजे तक और शनिवार को दोपहर 12:15 बजे से 04:15 बजे तक व दूसरी पाली में सोमवार से शुक्रवार दोपहर 12:15 बजे से 04:15 बजे तक और शनिवार प्रात: 08 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेगी।
वहीं, एक पाली में संचालित होने वाले विद्यालयों का समय सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से 04 बजे तक और शनिवार को प्रात: 08 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित की गई है। कलेक्टर महोबे ने कहा कि यह कदम विद्यार्थियों की स्वास्थ्य सुरक्षा और ठंड के प्रभाव को ध्यान में रखकर उठाया गया है। ठंड और शीतलहर की स्थिति में समय परिवर्तन से बच्चों को सुबह की अत्यधिक ठंड में बाहर आने-जनने से राहत मिलेगी और उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। इसके साथ ही अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षाएं पूर्ववत निर्धारित समयानुसार ही संचालित की जाएंगी। जिले के स्कूल प्रशासन और शिक्षक इस बदलाव के अनुसार छात्रों की उपस्थिति और कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करेंगे।

























