‘वायु प्रदूषण पर चर्चा को तैयार थी सरकार, कांग्रेस ने हंगामा कराया’, रिजीजू बोले- सदन में अराजकता पैदा की गई

नई दिल्ली। सरकार ने शुक्रवार को विपक्ष पर संसद में वायु प्रदूषण पर बहस को बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ सांसदों ने ग्रामीण रोजगार गारंटी विधेयक पर बहस के दौरान ऐसा व्यवहार किया, जिसके कारण प्रदूषण पर चर्चा नहीं हो पाई। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा, हम प्रदूषण पर बहस के लिए पूरी तरह तैयार थे। लेकिन कांग्रेस ने आसन के सामने (वीबी-जी राम जी विधेयक पर) विरोध प्रदर्शन करने के लिए दूसरों को उकसाया। उन्होंने कागज फेंके, कागज के हवाई जहाज बनाए और मेजों पर चढ़कर कार्यवाही बाधित कर दी।

संसद के शीतकालीन सत्र के समापन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रिजीजू ने कहा, मैं विपक्ष को बताना चाहता हूं कि उन्हें ऐसी चालों से वोट नहीं मिलेंगे। केवल अच्छे काम ही उन्हें वोट दिला सकते हैं। विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया, जिससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी खतरे पर कोई चर्चा नहीं हो सकी।

रिजीजू ने सत्र को अत्यंत सफल बताया। कहा कि दोनों सदनों में बहस के बाद आठ विधेयक पारित हुए और ये कानून नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा आम लोगों के दैनिक जीवन में बदलाव लाने के लिए शुरू किए गए सुधार को गति प्रदान करेंगे।

RO No. 13467/11