
जनकपुर। एमसीबी जिले के भरतपुर स्थित मवई नदी रेत खदान रायल्टी का 20 लाख रुपए का गबन करने वाला लालसाय सिंह मरावी झूठा शपथ देकर हरचोका पंचायत का सरपंच बन गया है। वहीं सरपंच से रायल्टी राशि की वसूली के लिए जिला अधिकारी का आदेश बेअसर होता दिख रहा है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम घुघरी निवासी संतोष कुमार शर्मा ने 04 जून 2025 को कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (छ.ग.) को शिकायत पत्र प्रस्तुत कर बताया कि वर्ष 2016 से 2020 तक ग्राम पंचायत हरचोका अंतर्गत मवई नदी रेत खदान का रायल्टी राशि 20 लाख रुपए को हरचोका ग्राम पंचायत का तत्कालीन एवं वर्तमान सरपंच लालसाय सिंह मरावी द्वारा गबन कर लिया गया है। उक्त गबन की गई राशि की वसूली एवं कार्यवाही किए जाने की मांग किया। शिकायत को कलेक्टर खनिज शाखा जिला एमसीबी ने गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर खनिज शाखा जिला कोरिया से रेत खदान से जुडा हुआ दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई। कार्यालय कलेक्टर खनिज शाखा से प्राप्त दस्तावेजों से खुलासा हुआ कि तत्कालीन सरपंच ग्राम पंचायत हरचोका लालसाय सिंह मरावी के कार्यकाल के दौरान मवई नदी स्थित ख.न. 336 रकबा 5.00 हेक्टेयर गौण खनिज रेत खदान की स्वीकृति कार्यालय कलेक्टर खनिज शाखा जिला कोरिया द्वारा ग्राम पंचायत हरचोका को रायल्टी पर्ची दी गई थी। उक्त रायल्टी पर्ची से प्राप्त राशि 20,54,200 रुपये एवं रायल्टी पर्ची को जमा करने हेतु कार्यालय कलेक्टर खनिज शाखा जिला कोरिया द्वारा पत्र क्रमांक 162 बैकुंठपुर 03/05/2019 में तत्कालीन ग्राम पंचायत हरचोका के सरपंच/ सचिव को दिया गया था, पत्र की प्रतिलिपि सी.ई. ओ. जिला पंचायत कोरिया जिला कोरिया एवं एस.डी.एम. भरतपुर को दी गई थी। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण उक्त पत्र का क्रियान्वयन पिछले 06 वर्षों में नहीं हुआ। उक्त बकाया राशि 20,54,200/- को निर्धारित पंचायत के खाते में जमा नहीं किये जाने के कारण वर्तमान कलेक्टर महोदय, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा पत्र क्रमांक 612/ खनिज/ 2025-26 मनेन्द्रगढ़, 06.06.2025 एवं स्मरण पत्र क्रमांक 704/ खनिज / 2025-2 मनेन्द्रगढ़, 30.06.2025 के द्वारा उक्त बकाया राशि को निर्धारित पंचायत के खाते में जमा नहीं करने के संबंध में जवाब 07 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने हेतु सरपंच/सचिव, ग्राम पंचायत हरचोका की ओर पत्र प्रेषित किया गया।
लेकिन रेत रायल्टी राशि जमा पर्ची सरपंच/सचिव, ग्राम पंचायत हरचोका द्वारा प्रस्तुत नहीं करने पर मामले की जांच हेतु कलेक्टर महोदय द्वारा आदेश क्रमांक 927/ खनिज/2025 मनेन्द्रगढ़,14.08.2025 के तहत संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी पिछले 04 माह से जाँच की फाइल दबाकर रखे हुए है। वहीं रेत रायल्टी का राशि गबन करने वाला लालसाय सिंह मरावी चुनाव में झूठा शपथ देकर ग्राम पंचायत हरचोका का सरपंच बना हुआ है।























