
चाईबासा। झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा के करीबी और झारखंड खैनी के पार्टनर नितिन प्रकाश और पंकज चिरानिया के घर पर जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम छापामारी कर रही है।6 गाडिय़ों में सवार होकर विभाग की दो टीम शुक्रवार को अपराह्न 3 बजे चाईबासा पहुंची और छापामारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई। नितिन प्रकाश के नीमडीह स्थित आवास और पंकज चिरानिया के यूरोपीय क्वार्टर स्थित आवास में दो अलग-अलग टीमों द्वारा छापामारी की जा रही है।छापामारी की कार्रवाई किस मामले में की जा रही है इसकी कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। झारखंड खैनी के दोनों पार्टनर नितिन प्रकाश और पंकज चिरानिया के और भी कई कारोबार चाईबासा और आदित्यपुर में है।जिनकी राइस मिल और चना दाल, सत्तू और बेसन की फैक्ट्री है। किस व्यापार को लेकर जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम की ओर से यह कार्रवाई की जा रही है, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। वहीं, नितिन प्रकाश झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के करीबी माने जाते हैं।
बताया जा रहा है कि आयकर की अलग अलग टीम रांची, चाईबासा, दुर्गापुर आदि जगह से आई है।टीम डिजिटल दस्तावेज भी खंगाल रही है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कहां से क्या बरामद हुआ है? सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स भी ठिकानों में तैनात की गई है ।