
कोरबा छत्तीसगढ़ 29 दिसंबर। ऊर्जाधानी के कुसमुंडा कोयला खदान क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बोईदा निवासी चंद्रशेखर पटेल के रूप में हुई है, जो कुसमुंडा खदान में ही एक निजी ठेका कंपनी में कार्यरत था। युवक अपनी पत्नी के प्रसव के लिए अस्पताल आया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
दोस्तों से मिलने गया था गांव
मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर की पत्नी ने हाल ही में शहर के एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। परिजनों ने बताया कि वह अस्पताल से अपने दोस्तों से मिलने सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के ग्राम सोनपुरी गया हुआ था। रविवार रात करीब 10 बजे उसने दोस्तों से विदा ली और यह कहकर निकला कि वह वापस अस्पताल जा रहा है।
सोशल मीडिया पर जारी थी तलाश
जब चंद्रशेखर देर रात तक न तो अस्पताल पहुंचा और न ही घर, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रात भर तलाश करने के बाद सोमवार सुबह परिजनों ने सोशल मीडिया पर उसकी फोटो साझा कर लोगों से मदद की अपील की। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि कुसमुंडा खदान के मुहाने पर एक युवक का शव पड़ा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद लोगों और परिचितों ने मृतक की पहचान चंद्रशेखर के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्च्युरी भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।















