
सक्ती। सांसद कमलेश जांगड़े के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि संजय रामचंद्र ने सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल से मुलाकात की। चर्चा में सक्ती क्षेत्र के अस्पतालों की व्यवस्थाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं मुख्य विषय रहीं। संजय रामचंद्र ने सक्ती को अस्थाई जिला चिकित्सालय घोषित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही। सांसद की पहल से जल्द घोषणा की संभावना जताई गई।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज करने के लिए कैंप लगाने का सुझाव दिया। योजना के तहत पहला शिविर सक्ती नगर पालिका क्षेत्र से शुरू करने की बात कही गई। चिरायु योजना के अंतर्गत स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की सतत निगरानी और बेहतर सेवाएं देने पर भी जोर दिया गया। सांसद प्रतिनिधि ने अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टरों की सूची सूचना पटल पर लगाने, ड्यूटी का सख्ती से पालन कराने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी का सुझाव दिया। मरीजों को समय पर पौष्टिक भोजन मिले, इसकी गुणवत्ता पर नजर रखने की बात भी कही।

















