कुट्टू का आटा खाने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

गाजियाबाद। गाजियाबाद में मोदीनगर के गांव रोरी में कुट्टू का आटा खाने से एक ही परिवार के छह लोग बृहस्पतिवार रात को बीमार हो गए। सभी को चक्कर के साथ उल्टी होने लगी। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह कुट्टू का आटा गांव की एक दुकान से खरीदा गया था। फिलहाल मामले में कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। रोरी गांव के राहुल शर्मा अपनी पत्नी रेणूका शर्मा, मां ललिता शर्मा, भाई संदीप शर्मा व दो बच्चों के साथ रहते हैं। बृहस्पतिवार को पहले नवरात्र पर परिवार के सभी लोगों ने व्रत रखा था। पड़ोस की एक दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा और रात में खाना खाया। इस वजह से सभी की तबीयत बिगड़ी है। करीब एक घंटे बाद परिवार के लोगों की तबीयत बिगडऩे लगी। पेट में तेज दर्द हुआ। चक्कर आने लगे और उल्टी हुई।
आनन-फानन में पड़ोसियों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार रात तक सभी का अस्पताल में उपचार चला।इस मामले में एसडीएम मोदीनगर ने बताया कि परिवार की हालत में सुधार है। मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि परिवार शिकायत करता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

RO No. 13467/11