सडक़ दुर्घटना में स्वास्थ्य कर्मचारी एवं वाहन चालक की मौके पर हुई मौत

जांजगीर-चांपा। स्वास्थ्य विभाग की सरकारी बोलेरो गाड़ी ट्रेलर से जा टकराई। जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि गाड़ी में तीन लोग सवार थे, जिसमें से मुख्य लिपिक घायल हुआ है, जबकि उसके एक रिश्तेदार और स्वास्थ्य विभाग के सरकारी वाहन चालक की मौत हुई है। घटना के संबंध में अस्पतालीन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 24 फरवरी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ मुख्य लिपिक पुरूषोत्तम लाल साहू विभाग की शासकीय बोलेरो वाहन क्रमांक सीज 02 एयू 2665 को लेकर रायपुर जाने के लिए निकला था। बताया जाता है कि मुख्य लिपिक के साथ उसका रिश्तेदार भी सवार था। गाड़ी को शासकीय वाहन चालक सत्येन्द्र उपाध्याय चला रहा था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब सवा 10 बजे नांदघाट के पास पहुंचे थे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 49 पर उनकी गाड़ी ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि बोलेरो का सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर चिपट गया। जिससे गाड़ी चला रहे सत्येन्द्र उपाध्याय मुख्य लिपिक पुरुषोत्तम लाल साहू और उसके रिश्तेदार रमेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, फिर लोगों की मदद से उन्हें गाड़ी से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने वाहन चालक सत्येन्द्र उपाध्याय और लिपिक के रिश्तेदार रमेश साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि लिपिक पुरूषोत्तम लाल साहू को उपचार के लिए भर्ती किया गया। बताया जाता है कि उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया। दोपहर के वक्त शवों को जांजगीर लाया गया, जहां से परिजनों के सुपूर्द किया गया।

RO No. 13467/11