
एकल पीठ में मामला लंबित : सतीश
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने राज्य शासन से स्कूल शिक्षा विभाग में पिछले 12 वर्षों से लंबित प्राचार्य पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की है। मोर्चा के प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट के डिवीज़न बेंच द्वारा 1 जुलाई 2025 को पदोन्नति पर लगी रोक हटाने के बावजूद एकल पीठ में मामला लंबित है, जिसकी सुनवाई 23 जुलाई को होनी है।
30 जुलाई से पहले काउंसलिंग और पदस्थापना आदेश की मांग
संघर्ष मोर्चा ने स्कूल शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालक से अपील की है कि 30 जुलाई 2025 के पूर्व टी एवं ई संवर्ग के रिक्त प्राचार्य पदों पर काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर पदस्थापना आदेश जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिमाह लगभग 150-200 वरिष्ठ व्याख्याता व प्रधान पाठक बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जो दु:खद है।प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि प्राचार्यविहीन विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि समयबद्ध काउंसलिंग से योग्य अधिकारियों को अंतिम सेवाकाल में पदोन्नति का लाभ मिलेगा और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि होगी। संघर्ष मोर्चा ने प्रतीक्षा सूची से वरिष्ठ पात्रों को पदोन्नति सूची में शामिल करने की भी मांग रखी है।