
बाराद्वार। नेशनल हाईवे 49 के बाराद्वार क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोग और व्यापारी इस समस्या से परेशान हैं। 24 घंटे वाहन चालक मनमाने तरीके से वाहन चला रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और ट्रैफिक जाम आम बात हो गई है।
लगातार गुजरते भारी वाहनों से सडक़ किनारे धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों में सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं, जबकि घरों और दुकानों का सामान धूल से खराब हो रहा है। वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर तेज गति से वाहन चला रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसपोर्टर अधिक मुनाफे के लिए ओवरलोडिंग कर रहे हैं और चालक बेखौफ वाहन दौड़ा रहे हैं। ट्रैक्टर भी सडक़ पर तेज रफ्तार से चल रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा और बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड और नियमों का पालन न करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।पलाडी चौक के रहवासी धूल से त्रस्त बाराद्वार के पलाडी चौक से नेहरू चौक और बस स्टैंड तक सडक़ किनारे स्थित दुकानदारों और घर मालिकों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि दिनभर उड़ती धूल और भारी वाहनों के कारण उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। दुकानों का सामान खराब हो रहा है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।

















