
नई दिल्ली। दिल्ली के विकासपुरी इलाके में रविवार देर रात एक बस में आग लगने से बस कंडक्टर की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान 25 साल के सुनील के रूप में की है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, सुनील रात को बस के अंदर सो रहा था और उसने मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाई थी। बीती रात 12.35 बजे आग की सूचना दमकल विभाग को मिली थी। दमकल की तीन गाडिय़ों ने मौके पहुंचकर आग को बुझाया। आशंका है कि आग अगरबत्ती की वजह से लगी होगी। पुलिस के मुताबिक, बस का रजिस्ट्रेशन नंबर हरियाणा का था और यह एक प्राइवेट बस थी जिसे 28 दिन पहले ही सर्विस में लाया गया था।




























